पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन का मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार


दुर्गापुर( तारकेश्वर राय ):दुर्गापुर की चमक-दमक के पीछे स्ट्रीट फूड से लेकर रेस्टोरेंट की थाली तक कई बार मिलावट और लापरवाही की कड़वी सच्चाई छुप जाती है। लेकिन अब शहरवासियों की सेहत की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। खाद्य पदार्थों में मिलावट और गंदगी परोसने वालों के खिलाफ दुर्गापुर में एक व्यापक और सख्त मुहिम का आगाज हो चुका है।शहर में खाने-पीने की चीजों की शुद्धता और गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘फूड सेफ्टी अवेयरनेस वीक’ की शुरुआत की गई है। इस अभियान की शुरुआत मंगलवार को पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी पोन्नाम्बलम एस (आईएएस) ने दुर्गापुर सिटी सेंटर बस स्टैंड से एक विशेष जागरूकता रथ (टैब्लो) को हरी झंडी दिखाकर की। इस गरिमामयी अवसर पर दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय और दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।यह अभियान केवल कागजी विज्ञापनों या बैनर-पोस्टरों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासन ने इसके लिए एक प्रभावी त्रि-स्तरीय कार्ययोजना तैयार की है जिसमे खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष टीमें शहर के प्रतिष्ठित होटलों, रेस्तरां, मिष्ठान भंडारों और लोकप्रिय स्ट्रीट फूड स्टॉलों पर औचक (सरप्राइज) छापेमारी करेंगी।तो वही निरीक्षण के दौरान यदि भोजन की गुणवत्ता में कमी, किचन में अस्वच्छता या फूड सेफ्टी के नियमों की अनदेखी पाई जाती है, तो बिना किसी ढिलाई के सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।इसके साथ साथ आम नागरिकों को सशक्त बनाते हुए एक सीधा माध्यम दिया गया है, जिसके जरिए वे खाने में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सीधी शिकायत प्रशासन से कर सकेंगी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान जन-जागरूकता से शुरू होकर धरातल पर कड़ी चेकिंग और त्वरित न्याय तक पहुंचेगा।यह मुहिम इस बात का स्पष्ट संदेश है कि दुर्गापुर प्रशासन शहरवासियों की थाली तक शुद्ध, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन पहुँचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। यदि आपको भी कभी बाहर खाते वक्त किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही दिखे, तो चुप न रहें—अपनी आवाज उठाएं और प्रशासन तक शिकायत पहुँचाएं, क्योंकि अब दुर्गापुर में मिलावटखोरों का बचना असंभव है।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?